घायल के मददगारों को SUV ने रौंदा

नवभारतटाइम्स.कॉम

गोंडा के करनैलगंज में एक दर्दनाक हादसा हुआ। पहले एक बाइक सवार घायल हुआ, उसकी मदद के लिए ग्रामीण दौड़े। तभी तेज रफ्तार एसयूवी ने मदद कर रहे लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में दो भाइयों समेत पांच लोगों की जान चली गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घायल के मददगारों को SUV ने रौंदा

nNBT न्यूज, गोंडा : सड़क हादसे में घायल की मदद करने पहुंचे ग्रामीणों को ही तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। करनैलगंज क्षेत्र में हाइवे पर बुधवार रात ग्राम नारायनपुर मांझा के मजरा भालियन पुरवा के पास तेज रफ्तार एक्सयूवी ने सड़क किनारे खड़े ग्रामीणों को टक्कर मार दी। हादसे में दो भाइयों के साथ पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार करनैलगंज क्षेत्र के तरहटा निवासी संजय कुमार तिवारी की बाइक डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होता देख ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे और उन्हें संभाला। इसी दौरान करनैलगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार एक्सयूवी ने मददगारों को टक्कर मार दी। इससे कई लोग उछलकर दूर जा गिरे। हादसा होते ही चीखपुकार मच गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आननफानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि तब तक नारायनपुर मांझा निवासी दो भाइयों हसन मोहम्मद (40), शाकिर अली (22) के साथ ही गुलशन (20), भतीजे अंशुमान (10) के साथ ही तरहटा निवासी बाइक सवार संजय (40) की मौत हो चुकी थी। आरोप है कि एसयूवी सवार नशे में थे। पुलिस ने गाड़ी कब्जे में लेकर लेने के साथ ही सदर बाजार निवासी मोहम्मद सलीम और सकरौरा निवासी सुयेब को हिरासत में लिया है। हादसे में घायल परवेज, तबरेज (दोनों भाई) के साथ ही अल्ताफ और विनय सिंह का इलाज चल रहा है। वहीं विधायक अजय सिंह ने अस्पताल पहुंच घायलों का हालचाल लेने के साथ ही हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

टैंकर से टकराई कार, दो की मौत: सोनभद्र के बभनी-अंबिकापुर मुख् य मार्ग पर गुरुवार सुबह कार सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा गई। हादसे में बलिया निवासी रेलवे के रिटायर्ड इंजिनियर यतेंद्र सिंह (70) और उनकी बहू रूचि सिंह (33) की मौत हो गई। इसके साथ ही पत्नी और बेटे के साथ पांच लोग घायल हो गए।