n NBT न्यूज़, गुड़गांव: मॉनसून सीजन को देखते हुए नगर निगम गुड़गांव के आयुक्त प्रदीप दहिया ने गुरुवार को शहर के जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-10ए, सेक्टर-9, सेक्टर-9ए, सेक्टर-4, सूर्या विहार और रेलवे लाइन के आसपास चल रहे जलनिकासी कार्यों का जायजा लिया। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों की सफाई , ड्रेनेज व्यवस्था और जल निकासी से जुड़े सभी कार्य तय समय में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में हर साल जलभराव की समस्या रहती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए। अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-9 में सम्पवेल निर्माण और रेलवे लाइन के साथ ड्रेन सफाई का कार्य चल रहा है, जिससे बारिश के दौरान पानी की निकासी बेहतर होगी। निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम और जीएमडीए मिलकर मॉनसून से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने में जुटे हैं, ताकि शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।


