n NBT न्यूज, हापुड़
हापुड़ और पिलखुवा क्षेत्र में हो रही घंटों बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। देर रात बिजली न आने पर उपभोक्ताओं ने हापुड़ और पिलखुवा बिजलीघरों के उपकेंद्रों पर रातभर हंगामा किया। इस दौरान निगम के कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप भी लगाते हुए शिकायत की। जानकारी के अनुसार, पिलखुवा के मोहल्ला मंडी में 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बुधवार को आधी रात तक बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया। लोगों ने बताया कि बिजली न आने के कारण पेयजल, घरेलू कार्य और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। आरोप है कि सभी अधिकारियों के फोन बंद थे। जैसे-तैसे संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया। इसके करीब 6 घंटे बाद अधिकारी मंडी क्षेत्र में पहुंचे। इस दौरान एसडीओ ने लोगों की शिकायत सुनने के बजाय नाराजगी जताई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुला ली। पुलिस ने लोगों को शांत कराया। उधर, देर रात बिजली न आने से नाराज लोग बिजली घर पर पहुंच गए। वहां एक कर्मी नशे में ड्यूटी कर रहा था। उसने उपभोक्ताओं के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। डायल 112 के पुलिसकर्मी भी पहुंच गए, जिन्होंने स्थिति को संभाला।
वहीं गोविंदपुरम, संजय नगर और शास्त्री नगर इलाके में 4 से 5 घंटे की बिजली कटौती हुई। इससे रातभर करीब 15 हजार लोगों को परेशानी हुई। बार-बार बिजली आने-जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का आरोप है कि अधिकारी फोन नहीं उठाते हैं। अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि जहां से शिकायत मिलती है, वहां तुरंत टीम भेजकर फॉल्ट ठीक कराया जाता है।


