n NBT न्यूज, गाजियाबाद
जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज धूप का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है। सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी में आंखों में जलन, लालपन के अलावा चेहरे पर एलर्जी और खुजली की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ी है। डॉक्टरों के अनुसार, बीते कुछ सप्ताह में ऐसे मरीजों की संख्या 60 से 70 प्रतिशत तक बढ़ गई है। एमएमजी अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ का कहना है कि दोपहर में तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। सूर्य की पराबैंगनी (यूवी) किरणों का प्रभाव बढ़ने से आंखों और त्वचा पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। सामान्य दिनों में ऐसे 120 मरीज आते थे। अब ओपीडी बढ़कर 200 से 210 तक हो गई है।
बड़ों के साथ बच्चों को भी हो रही परेशानी : लालकुआं से छाया शर्मा की आंखों में लालिमा और जलन की शिकायत लेकर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि बीते कई दिनों से समस्या हो रही है। वहीं, विजय नगर के मिर्जापुर से आईं शायना को आंखों में खुजली है और जलन महसूस हो रही है। बीते चार दिन से दिक्कत है। इसके अलावा बच्चों में भी यह परेशानी बढ़ रही है। करीब 30 फीसदी बच्चे इन समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं। दौलतपुरा से आए सोनू को आंख के पास खुजली होती है। चेहरे पर लाल दाने भी हैं। वहीं, कैलाभट्टा से आई सोनिया के शरीर पर छोटे-छोटे दाने हैं। चिकित्सकों का कहना है कि लंबे समय तक धूप में रहने वाले लोगों, मजदूरों और डिलीवरी कर्मियों को दिक्कत हो रही है। धूल, पसीना और गर्म हवाएं भी आंखों और त्वचा संबंधी रोगों को बढ़ा रही हैं।
खुद दवा न लें, डॉक्टर को दिखाएं : डॉ. विश्व मान ने बताया कि यदि आंखों में लगातार जलन, दर्द, सूजन या देखने में परेशानी हो रही हो अथवा त्वचा पर खुजली और एलर्जी अधिक बढ़ जाए तो स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। स्किन रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या ने बताया कि धूप में निकलते समय चेहरे पर अच्छी गुणवत्ता की सनस्क्रीन क्रीम लगाएं, सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें और आंखों पर चश्मा पहनें। अत्यधिक गर्मी में सावधानी बरतकर ही आंखों और त्वचा से जुड़ी समस्याओं से बचा जा सकता है।


