n NBT न्यूज, फरीदाबाद : वोटर लिस्ट की खामियों को दूर करने के लिए SIR की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। ऐसे में गुरुवार को एसडीएम फरीदाबाद डॉ़ हनी बंसल ने फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र की आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों ने मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य (SIR) में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
मीटिंग के दौरान एसडीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को अधिक शुद्ध व पारदर्शी बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे और अपात्र नामों का वेरिफिकेशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध व दोषरहित मतदाता सूची बहुत जरूरी है। एसडीएम ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों को एसआईआर प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें और बीएलओ को घर-घर वेरिफिकेशन अभियान के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान करें।


