ध्वस्तीकरण से बचने के लिए HC में याचिका

नवभारतटाइम्स.कॉम

गाजीपुर के कमलेश बिंद हत्याकांड के आरोपी के भाई ने ध्वस्तीकरण नोटिस को हाई कोर्ट में चुनौती दी है। प्रशासन ने बिना नक्शे के निर्माण का आरोप लगाया है। भाई का दावा है कि पुलिस ने मुठभेड़ में कमलेश को मार दिया। वह इसे सीबीआई जांच की मांग दबाने का प्रयास बता रहा है।

kamlesh bind murder case petition in high court against demolition notice allegation of pressurizing administration

nNBT न्यूज, प्रयागराज: गाजीपुर के चर्चित विनीत राय उर्फ हनी राय हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मारे गए कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद के भाई संजय बिंद ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर जिला प्रशासन के ध्वस्तीकरण नोटिस को चुनौती दी है। याचिका में एसडीएम सदर गाजीपुर द्वारा जारी ध्वस्तीकरण नोटिस को रद्द करने और कार्रवाई पर रोक की मांग की गई है।

याचिका के अनुसार, एसडीएम सदर ने बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण किए जाने के आरोप में संजय बिंद समेत चार लोगों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में 12 जून तक जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर निर्माण ध्वस्त करने की चेतावनी दी गई है। अन्य नोटिस प्राप्तकर्ताओं में शंकर पांडेय, आलोक दुबे और सोनू यादव शामिल हैं। संजय बिंद ने हाई कोर्ट में दावा किया है कि उनके भाई कमलेश बिंद को पुलिस ने 3 जून को बिहार से हिरासत में लिया और अगले दिन फर्जी एनकाउंटर कर दिया। याचिका में कहा गया है कि एनकाउंटर के खिलाफ उठ रही आवाज और सीबीआई जांच की मांग को दबाने के लिए नोटिस जारी कर दबाव बना रहा है। याची ने सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश का भी हवाला दिया है, जिसमें केवल एफआईआर के आधार पर बुलडोजर कार्रवाई न करने की बात कही गई है।