आंदोलन के दबाव में वेतन जारी, अस्पताल की सेवाएं हुईं बहाल

नवभारतटाइम्स.कॉम

हरियाणा कौशल रोजगार योजना के तहत कार्यरत स्वास्थ्य कर्मचारियों का वेतन जारी कर दिया गया है। वेतन भुगतान में देरी के कारण गुरुवार को दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। इससे सेक्टर-10 सिविल अस्पताल, सेक्टर-31 पॉलीक्लिनिक और भोड़ाकला स्वास्थ्य केंद्र की सेवाएं प्रभावित हुईं। मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

salaries released services restored hkrn employees protest impacts government hospitals patients face difficulties

n NBT न्यूज, गुड़गांव

वेतन भुगतान में देरी को लेकर हरियाणा कौशल रोजगार योजना (HKRN) के तहत स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों का विरोध गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारी ड्यूटी पर तो पहुंचे लेकिन नियमित काम नहीं किया। जिससे सेक्टर-10 सिविल अस्पताल, सेक्टर-31 पॉलीक्लिनिक और भोड़ाकला स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं प्रभावित रहीं। हालांकि दिनभर चले विरोध और बातचीत के बाद गुरुवार शाम करीब 6 बजे कर्मचारियों के खातों में वेतन जारी कर दिया गया, जिसके बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

आश्वासनों के बाद भी दिनभर वेतन नहीं आने से कर्मचारियों में नाराजगी बनी रही। इस दौरान शुक्रवार सुबह से पूरी तरह काम बंद करने की चेतावनी भी दी गई थी। जिले में HKRN के करीब 526 कर्मचारी कार्यरत हैं और इन कर्मचारियों के आंदोलन से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर असर दिखने लगा था। गुरुवार को अस्पतालों में मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर लंबी कतारें लगी रहीं। ओपीडी के बाहर अव्यवस्था रही और अल्ट्रासाउंड जैसी सेवाओं में देरी देखने को मिली। कई मरीजों को कार्ड बनने और नंबर आने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि सफाई, बिजली और अन्य जरूरी सेवाएं सीमित रूप से जारी रखी गईं।

समय पर भुगतान की स्थायी व्यवस्था जरूरी: अनुबंधित स्वास्थ्य कर्मचारी संघ से जुड़ीं मधु ने बताया कि वेतन जारी होने से फिलहाल कर्मचारियों को राहत मिली है, लेकिन समय पर भुगतान की स्थायी व्यवस्था जरूरी है। मुद्दा केवल एक महीने की सैलरी का नहीं, बल्कि नियमित भुगतान व्यवस्था का है, ताकि कर्मचारियों को भविष्य में ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े। इस मौके पर प्रदीप कुमार, रोहताश, योगेश, अंकित, सोफिया सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।