n NBT रिपोर्ट, ट्रांस हिंडन : क्षेत्र में बढ़ती आबादी और पार्कों में बढ़ती भीड़ के बीच अब लोगों ने वैशाली सेक्टर-6 से वसुंधरा सेक्टर-1 तक एलिवेटेड रोड के नीचे खाली पड़ी जगह को वॉकिंग और जॉगिंग ट्रैक के रूप में विकसित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र के अधिकांश पार्क सुबह और शाम के समय क्षमता से अधिक भरे रहते हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य के लिए सड़कों पर टहलने और दौड़ने को मजबूर हैं। व्यस्त सड़कों पर वॉक करना न केवल असुविधाजनक है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए सुझाव में कहा गया है कि इस जगह को केवल वॉकिंग और जॉगिंग ट्रैक तक सीमित न रखकर इंडोर गेम्स, ओपन जिम, बच्चों के खेलने के क्षेत्र और बैठने की व्यवस्था जैसी सुविधाओं से भी जोड़ा जा सकता है।


