n NBT न्यूज़, ग्रेटर नोएडा : सुपरटेक इको विलेज वन सोसायटी के निवासियों ने कॉमन एरिया मेंटिनेंस (CAM) शुल्क में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ रविवार को शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि प्रबंधन ने बिना किसी परामर्श के शुल्क बढ़ा दिया है और बार-बार आश्वासन के बावजूद पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। हजारों परिवारों की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े इस मुद्दे पर निवासियों ने प्रबंधन की कार्यशैली पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
निवासी संजय शर्मा ने बताया कि शनिवार को एसएचओ बिसरख की मौजूदगी में हुई बैठक में प्रबंधन ने वादा किया था कि बढ़े हुए शुल्क का वित्तीय आधार और अन्य विवरण 'नो ब्रोकर हुड' पोर्टल पर सार्वजनिक किए जाएंगे। हालांकि, निर्धारित समय बीतने के बाद भी कोई जानकारी साझा नहीं की गई। इस वादाखिलाफी से नाराज निवासियों ने रविवार को फिर से प्रदर्शन किया। निवासियों का कहना है कि वे किसी भी आर्थिक बोझ से पहले स्पष्ट संवाद और सामूहिक सहमति चाहते हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ और यूपी रेरा को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की गई है। पिछले दो हफ्तों से चल रहे इस आंदोलन के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने पर निवासियों में निराशा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक बढ़े हुए चार्ज पर रोक नहीं लगती और पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।


