n NBT न्यूज, फरीदाबाद
जिले में फिलहाल मौसम में बदलाव बना हुआ है, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट है। हालांकि उमसभरी गर्मी अब भी लोगों को परेशान कर रही है। रविवार को मौसम पूरी तरह से साफ रहा, लेकिन हवा की गति कम होने के कारण दिनभर उमसभरी गर्मी ने परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिन तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रह सकता है। फरीदाबाद में पिछले कुछ दिनों से मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। कभी हवा चलने लगती है तो कभी हल्की बारिश हो रही है और कभी धूप निकल आती है। रविवार को मौसम साफ रहा। रविवार को दिनभर हवा की गति कम रही, जिससे दोपहर के समय गर्मी ने लोगों को काफी परेशान किया। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार रविवार को फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 38 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वेबसाइट के अनुसार फिलहाल 17 जून तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है।

