n NBT न्यूज, गुड़गांव
शहर के सेक्टर-49 और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हजारों परिवारों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) की ओर से करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से 25 एमवीए क्षमता का नया बिजली सब-स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
सेक्टर-49 स्थित 66 केवी सब-स्टेशन से वर्तमान में विपुल वर्ल्ड, साउथ सिटी-2, आरडी सिटी, वाटिका इंडिया नेक्स्ट सहित आसपास के कई रिहायशी क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति की जाती है। 20 वर्षों में इन इलाकों की आबादी और बिजली की मांग में लगातार बढ़ोतरी हुई है, लेकिन उस अनुसार ढांचे का विस्तार नहीं हो पाया। इसका असर गर्मियों के दौरान सबसे अधिक देखने को मिलता है। बिजली निगम के अनुसार नए सब-स्टेशन के निर्माण से मौजूदा नेटवर्क पर पड़ रहा भार कम होगा और क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अधिक सुचारु एवं बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।


