बहनों से की छेड़छाड़, कार का नंबर नोट कर पहुंचाया आरोपियों को जेल

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में दो बहनों से छेड़छाड़ हुई। मनचलों ने कार के पास आकर अश्लील हरकतें कीं। युवतियों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों की गाड़ी का नंबर नोट कर लिया। पुलिस ने इस नंबर के आधार पर निशांत और महेंद्र को गिरफ्तार किया। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो भी जब्त की।

harassers arrested sisters show courage note car number and get them jailed

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

सेक्टर-14 की भीड़भाड़ वाली मार्केट में उस वक्त दो बहनों के होश उड़ गए, जब कुछ मनचलों ने सरेराह उनकी कार के पास पहुंचकर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। डर और दहशत के माहौल में भी दोनों युवतियों ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपियों की गाड़ी का नंबर नोट किया, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुड़गांव के गांव बसई निवासी निशांत और सेक्टर 7 बल्लभगढ़ निवासी महेंद्र उर्फ मोंटी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-35 निवासी 20 वर्षीय बीबीए सेकंड ईयर की छात्रा अपनी छोटी बहन के साथ 12 जून की रात करीब 9:15 बजे सेक्टर-14 मार्केट में मोमोज खाने गई थी। दोनों बहनें अपनी कार में बैठी थीं, तभी एक सफेद रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो उनके पास आकर रुकी। स्काॅर्पियो में सवार दो युवकों ने लड़कियों की तरफ अश्लील इशारे करने शुरू कर दिए। मुख्य आरोपी ने कार का शीशा नीचे कर फ्लाइंग किस किया, जीभ निकालकर अभद्र हरकतें कीं और भद्दे इशारे किए, जबकि दूसरा युवक हंसता रहा।

गाड़ी में बैठने का बना रहे थे दबाव : आरोप है कि दोनों युवकों ने लड़कियों पर अपनी गाड़ी में बैठने का दबाव भी बनाया। विरोध करने पर उन्होंने धमकी दी कि अगर उनकी बात नहीं मानी तो अंजाम बुरा होगा। इस धमकी से दोनों बहनें घबरा गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। पहले वे गाड़ी का सिर्फ ‘1001’ नंबर देख पाईं, लेकिन बाद में पीछा कर पूरा नंबर नोट कर लिया और पुलिस को सूचना दी।

लीगल एडवाइजर की मौजूदगी में दर्ज हुआ बयान: घटना के अगले दिन, यानी 13 जून को पीड़िता ने अगले दिन अपनी लीगल एड काउंसिल के साथ पुलिस को बयान दिया। सेंट्रल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुड़गांव के गांव बसई निवासी निशांत और सेक्टर-7 बल्लभगढ़ निवासी महेंद्र उर्फ मोंटी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने स्कार्पियो भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ही आरोपियों का जुर्म साफतौर पर नजर आया।

रेकमेंडेड खबरें