n NBT न्यूज, गुड़गांव
शहर में हरियाली बढ़ाने के दावों के बीच पेड़ों और पौधों के संरक्षण को लेकर सवाल उठे हैं। सेक्टर-46 मार्केट रोड पर पिछले कुछ दिनों में कई बड़े और छायादार पेड़ सूख गए हैं, जबकि द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़े दौलताबाद-बसई रोड पर बड़ी संख्या में लगाए गए पौधे सूखने की बात सामने आई है।
सेक्टर-46 के निवासियों का कहना है कि एक-दो पेड़ सूखना सामान्य हो सकता है, लेकिन 7-8 पेड़ों सूखना चिंता का विषय है। शनिवार को एक निवासी ने सोशल मीडिया पर विडियो साझा की। जिस पर लोगों ने सवाल उठाया कि क्या निगरानी और संरक्षण की व्यवस्था नहीं की गई। शहर घटती हरियाली और बढ़ते तापमान की चुनौती झेल रहा है। ऐसे में पेड़ों का खत्म होना पर्यावरण के लिए नुकसान है। दौलताबाद–बसई रोड पर लोगों ने आरोप लगाया कि पौधरोपण के बाद रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया गया। जिससे बड़ी संख्या में पेड़ सुख गए। लोगों ने मांग की है कि विभाग निरीक्षण कर इसका कारण स्पष्ट करे। डॉ. राजेंद्र प्रसाद फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश पटेल ने कहा कि केवल पौधे लगाने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा, संरक्षण और जवाबदेही की व्यवस्था भी जरूरी है।


