सोसायटी की 20वीं मंजिल से गिरा बालकनी का प्लास्टर, डिलिवरी बॉय बाल-बाल बचा

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद की रॉयल हेरिटेज सोसायटी में बड़ा हादसा टल गया। टावर-19 की 19वीं और 20वीं मंजिल से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिरा। नीचे से गुजर रहा डिलिवरी बॉय सतर्कता से बच गया। निवासियों ने बिल्डर पर रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया है। वे मेंटिनेंस शुल्क दे रहे हैं पर उचित सुविधा नहीं मिल रही है।

faridabad balcony plaster falls from 20th floor delivery boy narrowly escapes society management accused of negligence

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-70 स्थित रॉयल हेरिटेज सोसायटी में शनिवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोसायटी के टावर-19 की 19वीं और 20वीं मंजिल की बालकनी से अचानक प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ा। घटना के समय नीचे से गुजर रहा एक डिलिवरी बॉय सतर्कता दिखाते हुए समय रहते हट गया, जिससे उसकी जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात में अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा गया तो बालकनी का प्लास्टर नीचे बिखरा पड़ा था। लोगों का कहना है कि अगर उस समय वहां कोई बच्चा या राहगीर होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। निवासियों ने आरोप लगाया कि 2017 में सोसायटी में पजेशन मिलने के बाद से अब तक भवनों की कोई बड़ी मरम्मत या संरचनात्मक रखरखाव नहीं किया गया। सोसायटी में करीब 19 टावर और 1200 से अधिक फ्लैट हैं, जहां पांच हजार से ज्यादा लोग रहते हैं। आरडब्ल्यूए पदाधिकारी मोनिका और निवासी महेश ने बताया कि निवासी बिल्डर को 3.50 रुपये प्रति वर्ग फीट के हिसाब से मेंटिनेंस शुल्क दे रहे हैं, लेकिन बदले में उचित रखरखाव नहीं मिल रहा। इस मामले में सोसायटी के बिल्डर देवेंद्र गुप्ता से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।