n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
मां वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे बल्लभगढ़ के पांच दोस्तों की खुशियों भरी यात्रा शनिवार देर रात दर्दनाक हादसे में बदल गई। जम्मू-श्रीनगर नैशनल हाइवे पर नगरोटा के पास हुई भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही बल्लभगढ़ की भूदत्त कॉलोनी में मातम छा गया। पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 12:30 बजे नगरोटा के जगती-करली क्षेत्र में आईआईएम जम्मू के पास हुआ। जम्मू से उधमपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बस और सामने से आ रही क्रेटा कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया और तुरंत जीएमसी जम्मू अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने सिकंदर सैफी और शक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहित वर्मा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल दीपक वर्मा और कुलदीप शर्मा का अस्पताल में उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।


