n NBT न्यूज, फरीदाबाद : कॉलेजों में अंडरग्रेजुएट कोर्स में दाखिले के लिये आवेदन की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट की तरफ से जारी शेड्यूल के अनुसार ऑनलाइन आवेदन का अंतिम दिन सोमवार है। वहीं जेसी बोस यूनिवर्सिटी में दाखिला लेने वाले छात्रों के लिये आवेदन की प्रक्रिया 25 जून तक जारी रहेगी। बता दें कि महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी से संबंधित जिले के 11 कॉलेजों में अंडरग्रेजुएट कोर्स के लिए आवेदन की प्रक्रिया 7 मई को शुरू हुई थी। पहले आवेदन की अंतिम तारीख 31 मई रखी गई थी, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 15 जून कर दिया गया। इसके अनुसार अब दाखिले के लिए आवेदन करने का अंतिम दिन सोमवार है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदनों की जांच होगी और 27 जून को पहली फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होगी, जिसके बाद फीस जमा करने का सिलसिला शुरू होगा। इन 11 कॉलेजों में अंडरग्रेजुएट कोर्स की लगभग 10 हजार सीटें हैं, जिन पर अभी तक करीब 20 हजार छात्र आवेदन कर चुके हैं।


