n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : कविनगर क्षेत्र के आरडीसी में डेटिंग ऐप के जरिए युवाओं को फंसाकर कैफे में महंगा बिल थोपने और मारपीट कर रुपये वसूलने वाले गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। लखनऊ निवासी युवक ने इस संबंध में कविनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, उसकी टिन्डर ऐप पर दीपिका रावत नाम की युवती से दोस्ती हुई थी। युवती ने उसे आरडीसी स्थित गौर मॉल में मिलने बुलाया, लेकिन बाद में पारिवारिक लोगों के आने का बहाना बनाकर पास के ईगल कैफे में ले गई। युवक का आरोप है कि वहां पहुंचते ही बिना ऑर्डर दिए शैम्पेन, हुक्का और अन्य खाने-पीने का सामान टेबल पर रखा गया। विरोध करने और बिल जमा करने से इनकार करने पर युवती, उसकी साथी सिमरन और कैफे कर्मचारियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उसे पीछे ले जाकर बंधक बनाया गया, मारपीट की गई और जेब से 10 हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल छीनकर तीन हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए गए।


