nNBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
वेव सिटी क्षेत्र में एक रियल एस्टेट कंपनी की आवासीय परियोजना में करोड़ों रुपये की संपत्ति फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेचने का मामला सामने आया है। इंदिरापुरम स्थित एसएमवी एजेंसीज प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि मनोज कुमार ने अकाउंट हेड प्रदीप कुमार झा, सरिता नौटियाल, संजीव राय, विकास कुमार, जयप्रकाश और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार, शाहपुर बम्हैटा स्थित जयपुरिया सनराइज ग्रींस परियोजना के आंतरिक ऑडिट में दस्तावेजों में गड़बड़ी का खुलासा हुआ। आरोप है कि तत्कालीन अकाउंट्स हेड, कस्टमर रिलेशन मैनेजर और अन्य कर्मचारियों ने मिलीभगत कर प्लॉट संख्या डी-109 की बिक्री के लिए बैंक के नाम से फर्जी एनओसी तैयार कर बैनामा कराया। मामले का खुलासा तब हुआ जब खरीदार ने बैंक से एनओसी की पुष्टि कराई। कंपनी का आरोप है कि बिक्री से मिली रकम अधिकृत खातों में जमा न होकर निजी माध्यमों से हड़प ली गई। शिकायत में यह भी कहा गया कि मामला सामने आने के बाद आरोपियों ने समझौते का दबाव बनाया, धमकियां दीं और कंपनी को ब्लैकमेल करने का प्रयास किया।


