n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयुष विभाग 15 जून से पूरे प्रदेश में योग शिविरों का आयोजन करेगा।
अभियान का शुभारंभ लखनऊ के टुड़ियागंज स्थित आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में योग सप्ताह से होगा। इसमें आयुष विभाग के मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु , प्रमुख सचिव रंजन कुमार और आयुष की महानिदेशक चैत्रा वी के अलावा कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो.सुधा सिंह भी मौजूद रहेंगी। इसके बाद गंगोत्री से गंगासागर तक मैराथन के तहत यूपी में प्रयागराज और वाराणसी में बड़े आयोजन होंगे। आयुष मिशन की मिशन निदेशक ने आयोजन की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। अफसरों के मुताबिक प्रयागराज के सरस्वती घाट पर 16 और वाराणसी के रविदास घाट पर 17 को योग से जुड़े बड़े आयोजन होंगे। इसके अलावा यूपी के आयुष अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में भी अलग-अलग तारीखों पर योग शिविर और आयोजन होंगे। आयुष मिशन की मिशन निदेशक चैत्रा वी के मुताबिक इन आयोजनों में कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन, योग विशेषज्ञों के व्याख्यान, जनजागरूकता अभियान तथा गंगा तटों पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।


