n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
प्रदेश में नया निवेश लाने के लिए इंवेस्ट यूपी नए प्रफेशनल्स और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स को अपने साथ जोड़ेगा। इसके लिए इंवेस्ट यूपी अलग-अलग सेक्टर्स के एक्सपर्ट्स की तैनाती करेगा। इसमें खासतौर पर टेक्सटाइल, केमिकल, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, सर्विस सेक्टर के एक्सपर्ट्स को रखा जाएगा। दरअसल, राज्य सरकार की योजना इन सेक्टर्स में नया निवेश लाने की है। राज्य सरकार इन सेक्टर्स की कंपनियों के साथ संवाद पर उन्हें प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित कर रही है।
इन पदों पर होगी भर्ती : इंवेस्ट यूपी जीएम टेक्सटाइल सेक्टर, असिस्टेंट जनरल मैनेजर टेक्सटाइल के पद पर भर्ती करेगा। इसके अलावा जनरल मैनेजर केमिकल, असिस्टेंट जनरल मैनेजर केमिकल, जनरल मैनेजर इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग, एजीएम इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग, जनरल मैनेजर ऑटोमोबाइल और जीएम सर्विस सेक्टर और एजीएम सर्विस सेक्टर के पदों पर भर्तियां करेगा।
उद्यमी मित्रों की भी होगी भर्ती : प्रदेश में बढ़ते निवेश को देखते हुए उद्यमी मित्रों की भर्ती भी इंवेस्ट यूपी करेगा। दरअसल, इंवेस्ट यूपी प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए दूसरे राज्यों में सैटेलाइट ऑफिस भी खोल रहा है। इन सैटेलाइट दफ्तरों के लिए भी भर्तियां की जा रही हैं। साथ ही निवेशकों को सहूलियतों के लिए उद्यमी मित्रों की भी भर्ती की जाएगी। अब तक सभी जिलों में उद्यमी मित्र तैनात हैं।


