महागुन मॉडर्न में मेंटिनेंस शुल्क व फायर सेफ्टी को लेकर हंगामा

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा के सेक्टर-78 स्थित महागुन मॉडर्न हाउसिंग सोसायटी में निवासियों ने मेंटिनेंस शुल्क में एकतरफा बढ़ोतरी और फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी के खिलाफ प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि बिना सामान्य सभा बुलाए शुल्क बढ़ाया गया है और फायर एग्जिट ब्लॉक होने से 200 परिवारों की जान खतरे में है।

mahagun modern residents protest over maintenance fee hike and fire safety concerns

n NBT न्यूज, नोएडा

सेक्टर-78 स्थित महागुन मॉडर्न हाउसिंग सोसायटी में रविवार को निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों लोगों ने कॉमन एरिया मेंटिनेंस (कैम) शुल्क में एकतरफा बढ़ोतरी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खिलाफ प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि बिना सामान्य सभा (जीबीएम) बुलाए शुल्क बढ़ा दिया गया है, जबकि सोसायटी का रखरखाव बदहाल है। इमारतों का प्लास्टर गिर रहा है, लिफ्ट खराब हैं और सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है।

सबसे गंभीर आरोप फायर सेफ्टी को लेकर लगा। निवासियों के अनुसार, गेट नंबर-4 के पास अवैध दुकानों के निर्माण से एक टावर का फायर एग्जिट ब्लॉक हो गया है, जिससे 200 परिवारों की जान खतरे में है। निवासियों ने सात साल से एओए चुनाव न होने पर भी सवाल उठाए। दूसरी ओर, एओए अध्यक्ष वाईपी गुप्ता ने स्पष्ट किया कि 17 अप्रैल 2026 को जारी सरकारी अधिसूचना के बाद न्यूनतम वेतन में वृद्धि के कारण मेंटिनेंस लागत बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि सोसायटी के पास वैध फायर एनओसी है और किसी भी निकास द्वार को बाधित नहीं किया गया है। चुनाव के मुद्दे पर एओए ने कहा कि वे यूपी अपार्टमेंट एक्ट के नियमों का पालन कर रहे हैं और कुछ मामले हाईकोर्ट में लंबित हैं। निवासियों ने मांग की है कि प्रशासन हस्तक्षेप कर ऑडिट कराए और अवैध निर्माण हटाए, अन्यथा वे मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाएंगे।

रेकमेंडेड खबरें