n NBT न्यूज, फरीदाबाद
नगर निगम की फाइनैंस कमिटी के गठन के बाद मेयर प्रवीण जोशी , पार्षद मनोज नासवा एवं पार्षद प्रदीप टोंगर अपने समर्थकों के साथ मंत्री राजेश नागर के निवास पर पहुंचे। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं तथा नगर निगम क्षेत्र के विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा की।
मंत्री राजेश नागर ने मेयर प्रवीण जोशी एवं नवनियुक्त फाइनैंस कमिटी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि फाइनेंस कमिटी शहर के विकास कार्यों को नई दिशा और गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। फरीदाबाद प्रदेश का एक प्रमुख औद्योगिक एवं शहरी केंद्र है, जिसके समग्र विकास के लिए वित्तीय संसाधनों का सही नियोजन और प्रभावी उपयोग अत्यंत आवश्यक है। फाइनैंस कमिटी इस दिशा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएगी। शहर में भी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, सड़क, सीवर, जलापूर्ति, स्वच्छता व अन्य जनहितकारी परियोजनाओं को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मेयर और फाइनैंस कमिटी के सदस्य जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए शहर के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। मंत्री राजेश नागर ने जनप्रतिनिधियों और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि विकास कार्यों में सभी जनप्रतिनिधियों का समन्वय और सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कमिटी के सदस्यों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास के लिए उनका पूरा सहयोग सदैव उपलब्ध रहेगा।


