n NBT न्यूज़, ग्रेटर नोएडा
शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत चयनित बच्चों को दाखिला देने में आनाकानी करने वाले निजी स्कूलों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। जनपद में आरटीई के तहत आवंटित 4330 सीटों में से अब तक केवल 3380 बच्चों का ही नामांकन हो सका है। शेष 950 बच्चे और उनके अभिभावक पिछले कई महीनों से एडमिशन के लिए भटक रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी मेधा रूपम सोमवार को 32 प्रमुख स्कूलों के प्रबंधन के साथ समीक्षा बैठक करेंगी।
बेसिक शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों को नोटिस जारी कर कड़ा रुख अपनाया है। बैठक में अभिभावकों को भी बुलाया गया है ताकि वे अपनी समस्याएं सीधे डीएम के समक्ष रख सकें। नोटिस पाने वाले स्कूलों में दिल्ली पब्लिक स्कूल (सेक्टर-30, 122, नॉलेज पार्क-5 और गामा-2), एमिटी इंटरनेशनल, लोटस वैली, बाल भारती, शिव नाडर, और रामाज्ञा स्कूल जैसे बड़े नाम शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि तीन-चार चरणों की लॉटरी प्रक्रिया के बाद भी एडमिशन न देना नियमों का उल्लंघन है। जिलाधिकारी स्कूल प्रबंधन से इस देरी का कारण पूछेंगी और दाखिला न लेने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा सकती है।


