n NBT न्यूज, हथीन
थाना हथीन पुलिस ने एक ऐसे सीएससी संचालक को गिरफ्तार किया है, जिसने मृत बुजुर्ग के नाम पर फर्जीवाड़ा कर सरकारी बुढ़ापा सम्मान पेंशन की राशि हड़प ली। आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहिद निवासी गांव अंधरोला, थाना हथीन के रूप में हुई है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि जिला समाज कल्याण अधिकारी पलवल वीरेन्द्र सिंह की ओर से मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) की गुप्त सूचना के आधार पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच में खुलासा हुआ कि गांव अंधरोला निवासी अय्यूब खान की 5 जुलाई 2021 को मृत्यु हो चुकी थी, लेकिन इसकी जानकारी विभाग को नहीं दी गई। आरोप है कि सीएससी संचालक मोहम्मद शाहिद ने फर्जी दस्तावेजों और धोखाधड़ी के जरिए मृतक के खाते में सरकार द्वारा भेजी जा रही बुढ़ापा सम्मान पेंशन राशि को लगातार निकालना जारी रखा। आरोपी ने 23 अक्तूबर 2022 से 14 अगस्त 2025 तक अलग-अलग किश्तों में कुल 1 लाख 47 हजार 375 रुपये की सरकारी राशि अवैध रूप से हड़प ली। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया। जांच के दौरान एएसआई अभिषेक कुमार की टीम ने 14 जून को पुख्ता सबूतों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के सीएससी सेंटर से जुड़े दस्तावेज, बैंक स्टेटमेंट और अन्य महत्वपूर्ण रेकॉर्ड कब्जे में लिए हैं। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी से अन्य संभावित फर्जीवाड़ों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल लैपटॉप, प्रिंटर, एल-जीरो (L0) बायोमेट्रिक मशीन तथा धोखाधड़ी से निकाली गई रकम की बरामदगी के लिए आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया जारी है।


