n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
डबुआ-पाली रोड पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। रौनक अस्पताल के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कैंटर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक मोटरसाइकल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में 33 वर्षीय युवक अखिलेश यादव की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवा दिया है। जानकारी के अनुसार, मृतक अखिलेश यादव (33 वर्ष) पर्वतिया कॉलोनी में एक किराए के मकान में रहता था और अविवाहित था। वह 14 जून की आधी रात को करीब 12:20 बजे अपने बड़े भाई सन्नी यादव की मोटरसाइकल लेकर अपने किराए के कमरे पर जाने के लिए निकला था। मृतक मूलरूप से यूपी के अंबेडकर नगर का रहने वाला था और यहां काफी समय से फरीदाबाद में रहकर वेल्डिंग का काम करता था।
जैसे ही वह डबुआ-पाली रोड पर स्थित रौनक अस्पताल के पास पहुंचा तभी सामने से आ रहे एक कैंटर के चालक ने अपने वाहन को बेहद लापरवाही और अत्यधिक गति से चलाते हुए अखिलेश की मोटरसाइकल में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अखिलेश मोटरसाइकल सहित करीब 50 मीटर सड़क पर दूर जा गिरा और उसे गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम:दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल अखिलेश को पास के ही रौनक अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन और पुलिस उसे तुरंत बी.के. अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। डबुआ थाना पुलिस ने दुर्घटनास्थल से कैंटर और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकल को अपने कब्जे में ले लिया है। परिजनों की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
तेज़ रफ्तार कैंटर की टक्कर से युवक की मौत
n NBT न्यूज, हथीन : नूंह जिले के बहीन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कोट-पुन्हाना रोड पर फरदड़ी गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान राजू (39) पुत्र भव्वल निवासी बिसरू, कुरैशी मोहल्ला, थाना बिछोर, जिला नूंह के रूप में हुई है। मृतक के भाई चांद खां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 जून को वह अपने भाई राजू और चचेरे भाई अजरुद्दीन के साथ निजी काम से कोट गांव गए थे। काम खत्म होने के बाद तीनों वापस अपने गांव बिसरू लौट रहे थे। अजरुद्दीन बाइक चला रहा था और राजू पीछे बैठा था, जबकि चांद खां दूसरी बाइक से उनके पीछे आ रहा था। शिकायत के अनुसार, फरदड़ी गांव के पास अजरुद्दीन बाइक रोककर टॉइलट करने के लिए नीचे उतर गया। इसी दौरान राजू बाइक के पास खड़ा था तभी पुन्हाना की तरफ से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे कैंटर चालक ने खड़ी बाइक और राजू को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तुरंत उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पलवल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। बहीन थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


