n NBT न्यूज, गुड़गांव
जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच सोमवार को मौसम ने कई बार करवट बदली। सुबह आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने से लोगों को राहत की उम्मीद जगी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ उमस बढ़ने से लोगों का बुरा हाल हो गया। गर्मी और उमस के डबल टॉर्चर ने लोगों को पूरे दिन परेशान किया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दोपहर करीब ढाई बजे मौसम एक बार फिर बदला और तेज आंधी चलने लगी। अचानक तेज हवाएं चलने से सड़क पर चल रहे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर धूल उड़ने से दृश्यता भी प्रभावित हुई। तेज आंधी के कारण लोगों को कुछ समय के लिए सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा।
अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम: मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह के उतार-चढ़ाव बने रह सकते हैं। बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना के बावजूद तापमान और उमस लोगों को परेशान करती रहेगी।


