n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
आजाद नगर में अवैध शराब बेचने की सूचना पर पहुंची पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को एक घर में घुसने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। संदिग्ध मकान में मौजूद लोगों ने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस को ग्राइंडर और हथौड़े की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, ऊंचा गांव क्राइम ब्रांच और सिटी थाना पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि आजाद नगर निवासी लेखराज अपने घर से अवैध शराब का कारोबार चला रहा है। पुलिस के पास इस संबंध में कुछ विडियो भी पहुंचे थे, जिनके आधार पर छापेमारी की योजना बनाई गई। रविवार देर रात जब पुलिस टीम लेखराज के घर पहुंची तो अंदर मौजूद लोगों ने मुख्य दरवाजा बंद कर लिया। पुलिस ने कई बार दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले सीढ़ी और रस्सी मंगाकर मकान की छत पर जाने का प्रयास किया। इस प्रयास में सफल होने के बाद उन्हें ऊपर का दरवाजा बंद मिल। इसके बद दरवाजे को तोड़ने के लिए हथौड़ा मंगाया गया लेकिन उससे भी दरवाजा नहीं टूटा। जिसके बाद ग्राइंडर से दरवाजे को काटा और फिर हथौड़े से उसे तोड़कर पुलिस घर में दाखिल हुई। घर के अंदर प्रवेश करने के बाद पुलिस ने हर कमरे, अलमारी और अन्य जगहों की गहन तलाशी ली। हालांकि छापेमारी के दौरान मौके से अवैध शराब बरामद नहीं हुई, लेकिन एक कमरे में रखे बेड के अंदर से एक देसी पिस्टल बरामद की गई। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव के प्रभारी सुंदर ने बताया कि आरोपी लेखराज के खिलाफ पहले से ही अवैध शराब बेचने, आर्म्स एक्ट और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान घर में मौजूद लोग पिछले दरवाजे से फरार हो गए, जबकि मुख्य आरोपी लेखराज भी मौके से भागने में सफल रहा। वहीं सिटी थाना प्रभारी उमेश कुमार ने कहा कि अवैध शराब की सूचना पर क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर यह कार्रवाई की गई। घर से मिले सामान की जांच की जा रही है और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दावा किया है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधियां होती दिखाई दें तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


