n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) 2026 के तहत सोमवार से जिले में वोटर वेरिफिकेशन को लेकर काम शुरू हो गया। पहले दिन बूथ लेवल अधिकारी (BLO) शहरी और ग्रामीण इलाकों में घर-घर पहुंचे और मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए। BLO ने मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, जन्म तिथि और अन्य विवरण का सत्यापन शुरू किया। साथ ही लोगों को यह भी बताया गया कि फॉर्म भरते समय किन-किन दस्तावेजों की जरूरत होगी और किन मामलों में अतिरिक्त दस्तावेज जमा कराने पड़ सकते हैं। वहीं, पहले दिन ही मतदाताओं की सहायता के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर ों पर सवाल उठने लगे। लोगों ने कहा कि हेल्पलाइन नंबर काम नहीं कर रहे हैं। कहीं, कहीं फोन नहीं उठाया जा रहा तो कहीं कॉल ही कनेक्ट नहीं हो रही है।
सोहना क्षेत्र में शाम को पिक की गई कॉल
सोहना विधानसभा क्षेत्र के हेल्पलाइन नंबर 9466142565 पर भी दिन में रिंग जाती रही, मगर कॉल पिक नहीं हुई। लोगों का कहना है कि शाम 4 बजे के बाद कॉल उठनी शुरू हुई। इस नंबर पर मौजूद प्रवीण ने बताया कि यह उनका पर्सनल नंबर है और वह कार्यालय के काम में व्यस्त थे, इसलिए कुछ कॉल मिस हो सकती हैं।
1950 पर मिल रही पूरी जानकारी
भारत निर्वाचन आयोग की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1950 पर कॉल करने वालों को पूरे दिन जानकारी मिलने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि सुबह से शाम तक इस पर काफी कॉल आईं, जिनमें लोग फॉर्म भरने और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी मांग रहे हैं।
RWA से की सहयोग की अपील
मानेसर के SDM दर्शन यादव ने बताया कि विभिन्न सोसाइटियों में BLO को किसी प्रकार की दिक्कत न आए, इसके लिए RWA के साथ संपर्क बनाए रखा जा रहा है। RWA को यह भी कहा गया है कि उनके क्षेत्र में आने वाले BLO को आवश्यक सहयोग दिया जाए। उन्हें किसी तरह की बाधा का सामना न करना पड़े, यह RWA सुनिश्चित करे।


