n NBत न्यूज, होडल
होडल की सैनिक कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नगदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना का पता उस समय चला जब महिला तीन दिन बाद अपने मायके से वापस घर लौटी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका था। जानकारी के अनुसार सैनिक कॉलोनी निवासी अंशु अपने बच्चों के साथ रहती हैं। वह 11 जून को बच्चों सहित अपने मायके गई थीं। घर से निकलते समय उन्होंने सभी कमरों पर ताला लगाया था। महिला ने बताया कि 14 जून को जब वह वापस घर पहुंचीं तो बाहर का मुख्य ताला सही सलामत लगा हुआ था। लेकिन अंदर प्रवेश करने पर उनके होश उड़ गए।
घर के अंदर कमरों के ताले टूटे हुए थे और अलमारी व संदूक का सामान बिखरा पड़ा था। यह देखकर महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। पीड़िता के अनुसार चोर मकान की दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। महिला ने बताया कि चोर घर के मंदिर में रखे करीब 1 लाख 75 हजार रुपये की नकदी, सोने की बालियां और करीब 10 तोला चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही होडल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा चोरों की तलाश में जुटी हुई है।


