n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
साइबर थाना सेंट्रल, सेक्टर-17 की टीम ने शेयर ट्रेडिंग एवं IPO में निवेश के नाम पर 32.81 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आलोक रायजादा निवासी शांति कुंज अपार्टमेंट, पश्चिम विहार, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सेक्टर-82 निवासी प्रकाश रंजन ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि उन्होंने फेसबुक पर शेयर ट्रेडिंग से संबंधित एक विज्ञापन देखा, जिसमें कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। विज्ञापन के माध्यम से उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में मौजूद साइबर ठगों ने अधिक निवेश पर अधिक लाभ का लालच देकर उससे विभिन्न बैंक खातों में धनराशि जमा करवाई। झांसे में आकर उसने अपने बैंक खाते से कुल 32 लाख 81 हजार 944 रुपये निवेश कर दिए। बाद में जब उसने निवेश की गई राशि और कथित लाभ निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने उनका बैंक खाता हाई रिस्क अकाउंट बताकर उसे अनफ्रीज कराने के नाम पर कुल राशि का 30 प्रतिशत अतिरिक्त भुगतान करने की मांग की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। उसके खाते में ठगी की रकम में से एक लाख 6 हजार 800 रुपये आए थे। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी सिंघु बॉर्डर के पास स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अचानक से रुपये डबल होने या निवेश करके कम समय में दोगुनी रकम पाने के झांसे से हमेशा बचें।

