n NBT न्यूज,नोएडा : सेक्टर-24 स्थित ईएसआई अस्पताल में ब्रेन हेमरेज के मरीज को तीन दिन तक रेफर न किए जाने पर परिजनों ने मंगलवार को जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में न्यूरोलॉजिस्ट की सुविधा नहीं होने के बावजूद मरीज को दूसरे अस्पताल भेजने में लापरवाही बरती जा रही है। मोनू ने बताया कि उसकी मामी प्रिया को ब्रेन हेमरेज की शिकायत के बाद तीन दिन पहले सेक्टर-24 ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां न्यूरोलॉजिस्ट नहीं होने के कारण उनके इलाज में लापरवाही हो रही थी। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में अस्पताल प्रशासन और ईएसआई अधिकारियों से कई बार मुलाकात की, लेकिन मरीज को रेफर करने की अनुमति नहीं दी गई। नाराज होकर परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना मिलने पर अस्पताल के डॉक्टरों और अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। ईएसआई अस्पताल की डीन हरमिंदर कौर ने बताया कि मरीज को रेफर नहीं करने पर हंगामा होने की जानकारी नहीं है। अगर कोई मामला है तो उसकी जांच कराई जाएगी। साथ मरीज को दूसरे अस्पताल क्यों रेफर नहीं किया जा रहा यह भी देखा जाएगा।

