n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : सूरजकुंड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली दयालबाग पुलिस चौकी इलाके में चोर एक घर से 11 तोला सोना , 2 किलो चांदी के आभूषण और 45,000 रुपये की नकदी उड़ा ले गए। हैरान करने वाली बात यह है कि जब यह वारदात हुई, तब पीड़ित अमित सिंह अपने पूरे परिवार के साथ घर के दूसरे कमरे में अंदर ही सो रहे थे। चोर ने इतनी सफाई से हाथ साफ किया कि परिवार के किसी भी सदस्य को भनक तक नहीं लगी। पीड़िता अमित सिंह ग्रेटर फरीदाबाद स्थित एक निजी कंपनी में अधिकारी हैं। उन्होंने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह शादीशुदा हैं और शिव दुर्गा विहार के F ब्लॅाक में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि 13 जून की रात को भी वह अपने परिवार सहित घर के अंदर बने कमरों में सो रहे थे। रात के समय चोर ने घर में प्रवेश किया। सुबह करीब 4:00 बजे जब अमित की आंख खुली, तो वह घर का नजारा देखकर दंग रह गए। अलमारी का दरवाजा भी खुला पड़ा था। सारे जेवरात व नकदी गायब थे। पीड़ित ने आसपास और पूरे घर में कीमती सामान की काफी तलाश की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।

