n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
तिगांव थानाक्षेत्र के सदपुरा गांव में सरकारी गली और नाली निर्माण कार्य के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने हथियारों के साथ मौके पर पहुंचकर सरपंच और उनके परिवार पर हमला कर दिया तथा सरकारी काम को रुकवा दिया। थाने में दी शिकायत के अनुसार, सदपुरा गांव की सरपंच पूनम शर्मा 15 जून को माता रानी मंदिर के पास चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रही थीं। इसी दौरान गांव के ही रमन, रतन, शशि भूषण, बृजेश, मनीष और संतोष अपने साथ 10-12 बाहरी युवकों को लेकर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडों और हथियारों से लैस थे और सरपंच, उनके पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। साथ ही आरोपियों ने सरकारी निर्माण कार्य में बाधा डालते हुए काम को बंद करवा दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना तिगांव में दर्ज एफआईआर के अनुसार, घातक हथियारों के साथ गैरकानूनी रूप से एकत्र होकर दंगा करने, चोट पहुंचाने, जान से मारने की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित आरोपियों की तलाश जारी है।

