n NBT न्यूज, दनकौर : मोबाइल बनाने वाली कंपनी के कर्मचारी की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। सोमवार को नीम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला युवक आत्महत्या से पहले का विडियो बनाता नजर आया है। यह विडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें युवक भावुक होकर कह रहा है। अब मेरा कोई नहीं है, मैं हंसते हुए दुनिया छोड़कर जा रहा हूं। पुलिस विडियो की सत्यता और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। इटावा निवासी 24 वर्षीय अनुज सेक्टर-22डी स्थित एक सोसायटी में किराये पर रहकर सेक्टर-24ए की मोबाइल फैक्ट्री में काम करते थे। सोमवार सुबह उसका शव सेक्टर-22डी में 120 मीटर रोड के पास एक नीम के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका मिला था। विडियो में अनुज एक हाथ में फंदा पकड़े हुए दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे हाथ से खुद विडियो रिकॉर्ड कर रहा है। विडियो में वह बेहद परेशान नजर आ रहा है। हालांकि विडियो कब बनाया गया और इसके पीछे की परिस्थितियां क्या थी। इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

