n NBT न्यूज, सेक्टर-49
रोजवुड सिटी के सी-ब्लॉक में जलभराव के समाधान के लिए किए काम में लापरवाही के आरोप लगे हैं। इस पर इलाके की रेजिडेंट वेलफेयर असोसिएशन (RWA) ने नगर निगम आयुक्त को शिकायत देकर समाधान की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, सी-ब्लॉक गेट पर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम की ओर से काम शुरू कराया गया था। इसके तहत इलाके में खुदाई की गई, लेकिन काम को बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया। आरोप है कि खुदाई के दौरान सीवर लाइनें और भूमिगत बिजली केबल क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे इलाके में सीवर का गंदा पानी जमा होने लगा है और निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्य स्थल पर अव्यवस्था बनी हुई है और मॉनसून के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। उनका कहना है कि समय रहते कार्य पूरा नहीं हुआ तो जलभराव, सीवर ओवरफ्लो और अन्य समस्याएं बढ़ सकती हैं। RWA अध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि ब्लॉक में जलभराव से निजात के लिए शुरू किया काम अधूरा है। सीवर लाइन और भूमिगत बिजली केबल को नुकसान पहुंचा है, जिससे क्षेत्र में गंदा पानी जमा हो रहा है और लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। निवासियों ने निगम आयुक्त से समस्या के स्थायी समाधान की मांग की हैं।

