धरने पर बैठे ग्रामीणों पर फायरिंग मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम

पलवल जिले के पातली खुर्द गांव में जमीनी विवाद को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीणों पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने पांच-पांच हजार रुपये के इनामी दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विजय उर्फ बंटी और वीर सिंह उर्फ गिल्लू नाम के इन आरोपियों की गिरफ्तारी से अब तक कुल 15 आरोपी पकड़े जा चुके हैं।

firing on protesting villagers two more accused arrested number reaches 15

n NBT न्यूज, पलवल

पलवल जिले के गांव पातली खुर्द में जमीनी विवाद को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीणों पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस ने पांच-पांच हजार रुपये के इनामी दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव पातली खुर्द निवासी विजय उर्फ बंटी और वीर सिंह उर्फ गिल्लू के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में अब तक कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

सीआईए पलवल प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि 28 मार्च को गांव पातली खुर्द निवासी लखनपाल ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार ग्रामीण शामलात देह की जमीन को कथित भूमाफिया के कब्जे से बचाने के लिए शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग ट्रैक्टर लेकर जमीन जोतने पहुंचे। जब धरने पर बैठे ग्रामीणों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाहर से बुलाए गए हथियारबंद बदमाशों ने ग्रामीणों पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने देसी कट्टों से ताबड़तोड़ फायरिंग की तथा कुल्हाड़ी, हथौड़े, सरिये और लाठी-डंडों से ग्रामीणों पर हमला किया। हमले में विपिन, विनोद, राहुल और मनोज समेत करीब 10 लोग घायल हो गए थे। वारदात के बाद आरोपियों ने ग्रामीणों को धरना खत्म करने की धमकी देते हुए जान से मारने की चेतावनी भी दी थी।

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसियां फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। पलवल के एसपी नीतीश अग्रवाल ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य आरोपियों को पड़ने के लिए भी दबिश दे रही है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।