n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
दिल्ली-एनसीआर समेत गाजियाबाद में मौसम लगातार बदल रहा है। मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने गाजियाबाद में बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन बादल बिना बरसे ही आगे बढ़ गए। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है। बुधवार से मौसम साफ होने लगेगा और तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं हवा में नमी का स्तर 40 से 70 प्रतिशत के बीच रह सकता है। 18 जून को तापमान बढ़कर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 19 से 22 जून तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है।

