n NBT न्यूज, ग्रेनो : ग्रेटर नोएडा में ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में वकीलों और दस्तावेज लेखकों की हड़ताल छठे दिन मंगलवार को भी जारी रही। सेक्टर गामा-2 स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पर डीड राइटर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रदर्शन कर सरकार से ई-रजिस्ट्री व्यवस्था वापस लेने की मांग की। हड़ताल के चलते पिछले छह दिनों से एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी है, जिससे संपत्ति पंजीकरण से जुड़े सभी कार्य प्रभावित हो गए हैं। बड़ी संख्या में लोग अपनी संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने के लिए कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन कामकाज ठप होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इससे खरीदारों और विक्रेताओं दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा कई महत्वपूर्ण कार्य लंबित हो गए हैं।
डीड राइटर्स असोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप भाटी और सचिव दिनेश शर्मा ने बताया कि ई-रजिस्ट्री व्यवस्था लागू होने से वर्षों से रजिस्ट्री कार्यालयों में कार्यरत अधिवक्ताओं, स्टांप वेंडरों और दस्तावेज लेखकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा। यदि लोग ऑनलाइन रजिस्ट्री कराने लगेंगे तो इस क्षेत्र से जुड़े हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित होगी।

