n NBT न्यूज, गुड़गांव
किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र शिकोहपुर और कृषि विभाग ने संयुक्त रूप से खेत बचाओ अभियान चलाया। गुड़गांव ब्लॉक के गांव माकड़ोला, चंदू और साढराणा में किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम किया गया।
किसानों को मिट्टी परीक्षण के आधार पर खेती करने, रासायनिक खादों के संतुलित उपयोग और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने का संदेश दिया। कृषि विज्ञान केंद्र, शिकोहपुर के डॉ. हरेंद्र सिंह दहिया ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य के महत्व पर जानकारी दी। कहा कि उर्वरकों के ज्यादा इस्तेमाल से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है। कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. भरत सिंह ने वर्मी कम्पोस्ट और जैविक खेती की तकनीकों की जानकारी दी। खंड कृषि अधिकारी रामपाल ने किसानों को विभाग की योजनाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम में 60 से अधिक किसानों ने हिस्सा लिया।

