गुड़गांव में होगी NCR की ‘नई उड़ान’ पर बात

नवभारतटाइम्स.कॉम

एनसीआर की अगली बैठक दिसंबर में गुड़गांव में होगी। यह बैठक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के भविष्य की दिशा तय करेगी। गुड़गांव की भूमिका और मजबूत होगी। दिल्ली से गुड़गांव, मानेसर, धारूहेड़ा होते हुए नीमराणा तक नमो भारत का नया कॉरिडोर बनेगा। दिल्ली से करनाल तक भी एक कॉरिडोर प्रस्तावित है। हरियाणा में दो स्थानों पर परियोजना की सुविधाएं विकसित होंगी।

ncrs new flight important meeting on future plans to be held in gurgaon

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के भविष्य की दिशा तय करने वाली बैठक में गुड़गांव को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। केंद्रीय आवासन व शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में मंगलवार को नई दिल्ली में हुई एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की 42वीं बैठक में फैसला लिया गया कि बोर्ड की अगली बैठक दिसंबर में गुड़गांव में होगी। गुड़गांव आईटी, कॉरपोरेट, स्टार्टअप रियल एस्टेट और औद्योगिक निवेश का बड़ा केंद्र है। बोर्ड की आगामी बैठक का संदेश मिल रहा है कि भविष्य की एनसीआर की विकास योजनाओं में गुड़गांव की भूमिका और मजबूत होगी।

बताया जा रहा है कि नमो भारत से जुड़े दो नए कॉरिडोर अंतिम चरण में हैं। पहला प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली से गुड़गांव, मानेसर, धारूहेड़ा होते हुए राजस्थान के नीमराणा तक जाएगा। दूसरा कॉरिडोर दिल्ली से करनाल तक होगा। हरियाणा में दो स्थानों पर परियोजना के संबंधित सुविधाएं विकसित करने का प्लान है। पहला दिल्ली-करनाल रूट और दूसरा दिल्ली-मानेसर-धारूहेड़ा रूट पर। विशेषज्ञों की ओर से संभावना जताई जा रही है कि जमीन उपलब्ध हो गई तो गुड़गांव में यह बनाया जा सकता है।