ओबीसी आयोग की बैठक में भर्ती नियमों में छूट की सिफारिश

नवभारतटाइम्स.कॉम

उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने सहायक अध्यापक भर्ती 2018 में पिछड़ी जातियों के लिए अंकों में 5% छूट की सिफारिश की है। इस प्रस्ताव को शासन को भेजा जाएगा। आयोग ने गांव और जिला स्तर पर संगोष्ठी व जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया है। आयोग की वार्षिक रिपोर्ट पुस्तिका का विमोचन हुआ।

obc commission recommendation reserved category to get 5 marks relaxation in assistant teacher recruitment

n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की मासिक बैठक में सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षित वर्ग की पिछड़ी जातियों को अर्ह अंकों में 5% छूट देने की सर्वसम्मति से सिफारिश की गई। इस प्रस्ताव को अमल में लाने के लिए शासन को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। इंदिरा भवन में हुई बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने की।

उन्होंने सदस्यों से कहा कि वे गांव और जिला स्तर पर संगोष्ठी व जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर आयोग के कामकाज का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। बैठक में आयोग की भविष्य की कार्ययोजना तैयार की गई और सीएम को वर्तमान स्थिति से अवगत करवाने के लिए मुलाकात करने की बात भी कही गई। कहार, कश्यप और धीवर जातियों को एक ही क्रमांक में रखने का मुद्दा अभी अधूरा होने के कारण विचाराधीन है। वहीं, उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली ने शिकायत की कि जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के सक्षम अधिकारी उपस्थित नहीं होते, जिससे कार्यक्रम प्रभावित होता है। इस संबंध में शासन को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक से पहले आयोग की 2020 से 2025 तक की वार्षिक रिपोर्ट पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। सचिव मनोज कुमार सागर ने सभी निर्देशों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।