n NBT न्यूज, फरीदाबाद
नेहरू कॉलोनी में हुई तोड़फोड़ के विरोध में नगर निगम मुख्यालय के आगे दूसरे दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा। नेहरू कॉलोनी बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहे धरने की अध्यक्षता बिजेंद्र, पूनम, देवकी देवी और निरंतर पाराशर ने संयुक्त रूप से की। प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए। प्रदर्शनकारी तोड़फोड़ को बंद करो के नारे के साथ पर्याप्त मुआवजा दो के नारे लगा रहे थे। धरने पर बैठे लोगों को संबोधित करते हुए सीटू के जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने बीजेपी सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के वक्त 2024 में मौजूदा विधायक ने यहां के निवासियों को नेहरू कॉलोनी में किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं होने देंने का आश्वासन दिया था लेकिन अचानक प्रशासन ने 29 मई की रात को 2:30 बजे तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम दे दिया। यह कार्रवाई तब की गई, जब लोग अपने घरों में सो रहे थे। जिन घरों पर बुलडोजर चला कर मकान तोड़े गए हैं, उनके मालिकों को घर खाली करने के लिए पहले कोई नोटिस तक नहीं दिया गया। ऐसा करने के बजाय मौखिक रूप से धमकी भरे लहजे में मकान खाली करने के लिए कहा गया। इस कॉलोनी में रहने वाले लोगों के पास राशन कार्ड, आधार कार्ड, बिजली के मीटर, वोटर कार्ड, परिवार पहचान पत्र, सभी सरकारी दस्तावेज मौजूद हैं, फिर किसलिए इस प्रकार की कार्रवाई की गई।
अगर सरकार के पास कोई परियोजना विचाराधीन थी तो उसे यहां की जनता के सामने रखना चाहिए था। सरकार ने लोकतांत्रिक तरीका नहीं अपनाया। पुलिस बल का प्रयोग करके लोगों में भय और डर का माहौल पैदा करके एकतरफा कार्रवाई की। यही नहीं धारा 163 लगाकर लोगों की आवाज को दबाने की कोशिश की गई, जो बेहद चिंताजनक है। धरने पर मौजूद लोगों को बलबीर, सुभाष, शीला देवी, संतरा, शकुंतला, पूनम, नीता, बिजेंद्र, नरेश, देवकी आदि ने भी संबोधित किया।

