बीएड: 99.90% को रैंक, काउंसिलिंग 1 जुलाई से

नवभारतटाइम्स.कॉम

यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित हो गया है। 4 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को रैंक दी गई है। केवल 399 अभ्यर्थी परिणाम से वंचित रहे। दाखिले के लिए काउंसलिंग 1 जुलाई से शुरू होगी। बुंदेलखंड विवि झांसी ने परिणाम जारी किया। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने टॉपर्स से संवाद किया।

up bed entrance exam result released 9990 candidates get rank counseling starts july 1

n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : यूपी के बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए हुई प्रवेश परीक्षा में शामिल 399 अभ्यर्थियों को छोड़कर सभी को रैंक अलॉट की गई है। बीएड प्रवेश परीक्षा में 4.45 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसमें 4,00,506 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। मंगलवार को बुंदेलखंड विवि झांसी की ओर से जारी रिजल्ट में 4,00,107 अभ्यर्थियों को रैंक जारी की गई है जो परीक्षा में शामिल होने वालों का 99.90% है। एक जुलाई से दाखिले के लिए काउंसिलिंग शुरू की जाएगी।

राममनोहर लोहिया विधि विवि के सभागार में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने बुंदेलखंड विवि के कुलपति मुकेश कुमार पांडेय व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में परीक्षा परिणाम जारी किया। मंत्री ने इस दौरान प्रवेश परीक्षा में टॉप 10 में शुमार अभ्यर्थियों से संवाद भी किया।

61% आवेदन महिला अभ्यर्थियों के : बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आए कुल आवेदन में 2,72,659 महिलाओं के थे। कुल आवेदन का यह करीब 61% है। रिजल्ट में टॉप टेन टॉपर में भी महिलाओं का अनुपात यही रहा। कुलपति प्रो.मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि प्रवेश परीक्षा 31 मई को दो पालियों में 72 जिलों में आयोजित हुई। गलत जवाब पर 1/3 अंक की नेगेटिव मॉर्किंग भी रखी गई थी। जिन अभ्यर्थियों को परिणाम के बाद रैंक जारी की गई है उसमें 2.48 लाख से अधिक आर्ट्स, 1.28 लाख साइंस और बाकी अन्य स्ट्रीम के हैं। इन अभ्यर्थियों के जरिए बीएड कॉलेजों की 2.50 लाख से अधिक सीटें भरी जाएंगी। इस साल पिछले वर्ष के अपेक्षा करीब 1 लाख आवेदन अधिक आए थे।