‘बरसात से पहले हर हाल में हो जाए हैंडपंपों की मरम्मत’

Contributed byC-surya.Shukla|नवभारतटाइम्स.कॉम
handpump repairs must be done before monsoon at all costs panchayati raj minister
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात से पहले गांवों के खराब पड़े हैंडपंपों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत करवाई जाए। राजभर विभागीय अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।

उन्होंने प्रदेश की 57,694 ग्राम पंचायतों में स्थापित हैंडपंपों की वर्तमान स्थिति, खराब और बालू युक्त हैंडपंपों की संख्या, अमृत सरोवरों के निर्माण व उनमें जलभराव की स्थिति, छोटे-बड़े तालाबों के जीर्णोद्धार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के भूजल स्तर की बिंदुवार समीक्षा की।
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी टंकियों, पाइपलाइन विस्तार, सड़कों की मरम्मत, सामुदायिक व व्यक्तिगत शौचालयों की उपलब्धता और भारत सरकार के सहयोग से संचालित योजनाओं के उपयोगिता प्रमाणपत्रों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही मंत्री ने अमृत सरोवरों के निर्माण, उनमें जलभराव और उन्हें पंचायतों को हैंडओवर करने की जिलेवार सूची तत्काल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। बैठक में ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापना, ग्राम सचिवालयों में आधार सेवा केंद्रों की स्थापना और परिवार रजिस्टर के डिजिटलीकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने इन सभी योजनाओं के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय प्रमुख सचिव अनिल कुमार, निदेशक अमित सिंह, विशेष सचिव राजेश त्यागी, निदेशक स्वच्छ भारत मिशन गुंजन द्विवेदी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

रेकमेंडेड खबरें