सेशेल्स से है 256 साल पुराना रिश्ता, मिलकर करेंगे काम: PM

नवभारतटाइम्स.कॉम
india seychelles 256 year old relationship 19 key agreements including defense digital payments space
n पीटीआई, विक्टोरिया (सेशेल्स)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के बीच हुई वार्ता के बाद भारत और सेशेल्स ने रविवार को 19 अहम समझौतों की घोषणा की, जिससे रक्षा और समुद्री सुरक्षा से लेकर UPI आधारित डिजिटल भुगतान, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य देखभाल, कृषि और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार किया जाएगा। मोदी ने सेशेल्स की नैशनल असेंबली को भी संबोधित किया। ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा कि सेशेल्स से भारत का रिश्ता सिर्फ 50 साल पुराना नहीं है, बल्कि इसकी शुरुआत अगस्त 1770 में हुई थी। जब 'थेलेमाक' जहाज से यहां 5 भारतीय पहुंचे थे।
मोदी ने कहा कि जब लोग दुनिया का नक्शा देखते हैं, तो उन्हें सेशेल्स हिंद महासागर में बसे कुछ छोटे-छोटे द्वीपों का एक समूह दिखाई देता है। लेकिन हमारे लिए सेशेल्स सिर्फ द्वीपों का समूह नहीं, बल्कि इससे कहीं बढ़कर है। मोदी ने कहा, जलवायु परिवर्तन का सबसे ज्यादा असर 'ग्लोबल साउथ' यानी विकासशील देशों, खासकर छोटे द्वीपीय देशों पर पड़ रहा है। जिन देशों ने जलवायु परिवर्तन फैलाने में सबसे कम योगदान दिया है, उन्हें इसकी सबसे बड़ी कीमत नहीं चुकानी चाहिए। जलवायु से जुड़ी नीतियां न्याय, बराबरी और साझा जिम्मेदारी के आधार पर बननी चाहिए। पीएम ने मत्स्य पालन, समुद्री विज्ञान, तटीय प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि मिलकर काम करने से दोनों देशों को फायदा होगा और हिंद महासागर क्षेत्र का विकास भी तेज होगा।

रेकमेंडेड खबरें