"30 हजार की साइबर ठगी में 4 और गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
30 thousand cyber fraud 4 more arrested gang supplying bank accounts to scammers busted
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : साइबर थाना पुलिस ने 30 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, इनमें से दो आरोपियों ने अब तक करीब 100 बैंक खाते ठगों को उपलब्ध कराए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूंह के सिंगार गांव निवासी शाहरुख (24) और अंसार (20), दिल्ली के सुल्तानपुरी निवासी सौरभ (30) तथा रोहतक निवासी अरुण (22) के रूप में हुई है। अरुण को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि शाहरुख, अंसार और सौरभ चार दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। उन्होंने बताया कि तिरखा कॉलोनी निवासी एक आरसीसी टाइल्स निर्माता ने शिकायत दी थी कि 17 जनवरी 2026 को खुद को सीआईएसएफ अधिकारी बताने वाले एक व्यक्ति ने वॉट्सऐप पर फर्जी परचेज ऑर्डर और अन्य दस्तावेज भेजकर भरोसा जीत लिया। इसके बाद वेंडर रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर 59 हजार रुपये मांगे गए। शिकायतकर्ता ने 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन बाद में ठगी का अहसास होने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में केस दर्ज कराया। जांच में सामने आया कि सौरभ और अरुण ने राहुल गुप्ता से बैंक खाता लेकर उसे शाहरुख और अंसार तक पहुंचाया। इससे पहले खाताधारक कमल किशोर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में पता चला कि शाहरुख और अंसार एक ही गांव के रहने वाले हैं।