नगीना-तिजारा फोरलेन सड़क प्रॉजेक्ट जल्द पकड़ेगा रफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
नगीना-तिजारा फोरलेन सड़क प्रॉजेक्ट जल्द पकड़ेगा रफ्तार
n राजीव प्रजापति, नूंह

नगीना-नोटकी (हरियाणा) से तिजारा (राजस्थान) तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क परियोजना को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), कुरुक्षेत्र के सिविल इंजीनियरिंग विभाग ने 4.35 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित मार्ग की विस्तृत भू-वैज्ञानिक एवं भू-तकनीकी जांच पूरी कर 102 पन्नों की रिपोर्ट लोक निर्माण विभाग को सौंप दी है। इस रिपोर्ट के आधार पर अब परियोजना की अगली प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
लोक निर्माण विभाग नूंह के कार्यकारी अभियंता प्रदीप सिंह सिंधु ने बताया कि विभाग को एनआईटी की तकनीकी रिपोर्ट मिल चुकी है। इस संबंध में चंडीगढ़ में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी हुई है। जल्द ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके। मेवात आरटीआई मंच के निदेशक एवं वरिष्ठ समाजसेवी राजुद्दीन ने कहा कि नगीना–तिजारा सड़क हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग बनेगी। साथ ही यह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के मरोड़ा कट से भी जुड़ेगी, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा लाभ मिलेगा। राज्य पुरस्कार विजेता व मौजी फाउंडेशन की संयोजक सबीला जंग ने बताया कि इस सड़क के बनने से भगवान दिगंबर जैन के प्राचीन मंदिर, भगवान श्रीकृष्ण की नगरी वृंदावन-मथुरा व विश्व प्रसिद्ध ताजमहल तक पहुंच आसान होगी। मरोड़ा कट के माध्यम से होडल, पुन्हाना, पिनगवां, नगीना और तिजारा सहित पांच प्रमुख शहरों के लगभग 20 हजार ट्रक चालक भी इसका लाभ उठाएंगे, जिससे धर्म, पर्यटन, परिवहन और व्यापार को नई गति मिलेगी।

रेकमेंडेड खबरें