Attack On Stopping Illegal Construction 10 15 People Attacked Family Lethally One Admitted To Icu
अवैध निर्माण रोकने पर किया हमला
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : मलेरना गांव में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि साझा भूमि पर कथित अवैध निर्माण का विरोध करने पर 10-15 लोगों ने हमला कर दिया। हमले में तीन लोग घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में झाड़सैंतली निवासी मनोज कुमार ने बताया कि मलेरना गांव में उनके परिवार की करीब पांच एकड़ जमीन है। इसके अन्य हिस्सेदारों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को अपना हिस्सा बेच दिया, जिसने कथित रूप से अवैध कॉलोनी काटकर प्लॉट बेच दिए। मनोज का कहना है कि उनके परिवार ने अपना हिस्सा नहीं बेचा है और जमीन के बंटवारे का मामला कई वर्षों से अदालत में लंबित है। ऐसे में बंटवारे से पहले किसी भी प्रकार का निर्माण अवैध है। शिकायत के अनुसार, 27 जून की सुबह मनोज कुमार पिता नवल सिंह और भाई रतन सिंह के साथ खेत पर पहुंचे तो वहां एक व्यक्ति, जिसे लोग 'बाबा सेंटरिंग' के नाम से जानते हैं, 10-15 लोगों के साथ निर्माण कार्य करा रहा था। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमले में उनके पिता नवल सिंह के हाथ पर धारदार हथियार से वार किया गया, जबकि भाई रतन सिंह के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल रतन सिंह को पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां एमएलआर नहीं बन सकी। बाद में उन्हें दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है।