लिंक एक्सप्रेसवे पर खड़े डंपर से टकराई कार, एक की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम
लिंक एक्सप्रेसवे पर खड़े डंपर से टकराई कार, एक की मौत
n NBT न्यूज़, हथीन : दिल्ली-मुंबई-एक्सप्रेसवे लिंक रोड पर गांव मंडकौला के पास बिना किसी रिफ्लेक्टर या दिशा सूचक निर्देश के खड़े हाइवा डंपर से तेज़ रफ्तार कार टकरा गई। इसमें कार सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी मां गम्भीर रूप से घायल है। हथीन थाना पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नोएडा के सेक्टर-34 स्थित अरावली अपार्टमेंट की रहने वाली संजीता देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 27 जून को वह अपने बेटे अमित कुमार के साथ कार में सवार होकर घर लौट रही थी। जैसे ही उनकी कार मुंबई लिंक एक्सप्रेस पर मंडकौला गांव की सीमा में पहुंची, तो आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में खड़े डंपर से टकरा गई। डंपर पर कोई भी रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं लगा था। टक्कर इतनी भयंकर थी कि संजीता और उनके बेटे अमित कुमार को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों को ऐम्बुलेंस के माध्यम से नलहड़ नूंह स्थित मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया। जहां से दोनों को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद दोनों को अमृता अस्पताल फरीदाबाद में दाखिल किया गया। जहां इलाज के दौरान अमित कुमार की मौत हो गई। संजीता का अब भी अमृता अस्पताल में इलाज चल रहा है। हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।