डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे का दिल्ली वाला हिस्सा तैयार, उद्घाटन बाकी

नवभारतटाइम्स.कॉम
delhi part of dnd kmp expressway ready awaiting inauguration
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे ( दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक रोड ) के दिल्ली वाले एलिवेटेड हिस्से का काम पूरा हो गया है। अब इसके उद्घाटन का इंतजार है, जिसके बाद इसे लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। हालांकि पिछले दिनों जून में ही इस हिस्से को खोलने की बात सामने आई थी, लेकिन अभी इस हिस्से पर टैफिक शुरू होने में समय लग रहा है। एक्सप्रेसवे का यह हिस्सा खुल जाने से फरीदाबाद से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ की तरफ आने - जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। लोगों को कालिंदी कुंज पर लगने वाले लंबे जाम से भी निजात मिल जाएगी।
बता दें कि साउथ दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद व फरीदाबाद को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 59 किलोमीटर लंबे नए एक्सप्रेसवे का निर्माण किया गया है। इसे डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे (दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक रोड) का नाम दिया गया है। यह दिल्ली में महारानी बाग के पास डीएनडी एक्सप्रेसवे शुरू होकर सोहना में केएमपी एक्सप्रेसवे तक जाता है। सोहना में यह केएमपी एक्सप्रेसवे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ता है। इस 59 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का करीब 50 किलोमीटर हिस्सा पहले ही तैयार हो चुका है और उस पर ट्रैफिक चल रहा है। फरीदाबाद की सीमा में इस एक्सप्रेसवे का 26 किलोमीटर हिस्सा आता है, जो फिलहाल एक्टिव है। सोहना में केएमपी एक्सप्रेसवे से लेकर दिल्ली में जैतपुर तक इस सड़क का इस्तेमाल लोग कर रहे हैं। दिल्ली में जैतपुर से महारानी बाग तक डीएनडी एक्सप्रेस तक करीब नौ किलोमीटर का एलिवेटेड रोड का शुरू होना बाकी है। इस नौ किलोमीटर हिस्से में एलिवेटेड रोड तैयार किया गया है।